Ads 468x60px

Pages

Saturday, January 5, 2019

मुहब्बत और इश्क में अंतर क्या है ?













मैंने तुम से इश्क किया था,
और तुमने सिर्फ मुहब्बत की थी,

तुम्हारी मुहब्बत में तो
सिर्फ देने की चाहत थी
और खोने का कोई डर नहीं था |

मेरे इश्क में पाने की हवस थी
और खोने का डर भी होता था |
बिन तुम्हारे कैसे होंगे हालात
जहन में  उसका मंजर भी होता था |

पर अब नहीं,
अब दिल में कोई डर नहीं है,
कोई वहशत नहीं है,
अब इश्क भी नहीं है,
हाँ बेपनाह मुहब्बत जरूर है |
वही मुहब्बत जो तुमने मुझ से की थी
और फिर मुझे दी थी |

लोग यहाँ सवाल ये भी कर सकते हैं
की मुहब्बत और इश्क में अंतर क्या है ?

मै ना ही उनको समझाने वाला हूँ
ना ही उनको कुछ बताने वाला हूँ |

मुझे बस तुम्हे बताना था
तुम तो समझ गई होगी,
बस उतना काफी है |

और नहीं समझी तो आगे कुछ कहने का फायदा भी क्या है

Monday, December 31, 2018

गरीब की तो मौत भी बेचारी होती है...



किसी ने कहा मुझ से, अमीर और गरीब के बीच थोड़ा अंतर बताने को |
जिन्दगी से मौत तक सब अलग ही है, क्या कहूं बहुत अंतर है गिनाने को

गरीब की तो मौत भी बेचारी होती है, कंधे नहीं मिलते जनाजा उठाने को
अमीर मरता है तो भी शांन से, लोग इन्तेजार करते हैं कंधा लगाने को |

मुफलिसी में मरने वाले की कभी कोई इज्जत नहीं करता मेरे दोस्त
अमीर मरता है तो अनजान भी आ जाते हैं, उसकी नेकी गिनाने को |

अगर अमीर मरोगे, तो झूठे ही सही लोग कुछ आंसू जरूर बहायेंगे
गरीबी में मरे, तो गुमनाम ही रहोगे, कोई फर्क नहीं पड़ेगा जमाने को |

अमीर की चिता से, मॉस की बू नहीं चन्दन के जलने की खुशबू आती
गरीब की मौत पर कई बार सूखी लकड़ी भी नही मिलती लाश जलाने को |

मुझे मत बताओ नेकी, रिश्ते और प्यार की बाते, "मै कुंदन हूँ", सच जानता हूँ |
तुम्हे यकीन नहीं है मुझ पर, तो मर के देख लो, मेरी बात आजमाने को |

नए साल की संध्या पर ऐसी गजल शोभा तो नहीं देती, और माफ़ी भी मांगता हूँ,  लेकिन दिल कभी कभी टूट जाता है तो मजबूरी हो जाती है| परसों एक रिश्तेदार (वो अमीर हैं ) के यहाँ अंतिम यात्रा में सैंकड़ो लोगो को देखा था, और आज एक अनजान की शवयात्रा देखी जिसमे इतने लोग भी नहीं थे की सब कंधो को चार बार बदला जा सके | पता किया तो पता चला ये इंसान बहुत ही गरीब था | 

Friday, February 23, 2018

तुम्हे तो शायद याद भी नहीं होगा

तुम्हे तो शायद याद भी नहीं होगा,
लेकिन मुझे अच्छी तरह से याद है

जब हम पहली बार मिले थे
तब घर के पीछे वाले बंजर टीले की
रेतीली जमीनी पर
पहली और आखरी बार
ढेर सारे कंवल खिले थे |

तुम्हे तो ये भी याद नहीं होगा

की जब तुमने मुझको
और मैंने तुमको
पहली बार गले से लगाया था
तब मुंडेर पर बेठे बेसुरे कव्वे ने भी
बहुत मीठे सुर में
पहली और आखरी बार
प्रेम का गीत गाया था |

और तुम्हे ये ज्ञात भी नही होगा

की जब तुम्हारे होठो ने
मेरे होठो को छुआ था
तब मेरे अपने होठो के बीच
पहली और आखरी बार
एक अद्भुत द्वंद हुआ था |

उस दिन से आज तक
मेरे होठ
एक दुसरे को छूने से
इनकार कर रहे हैं |
वजह सिर्फ इतनी है
की वो आज भी
तुम्हारे होठो का
इन्तेजार कर रहे हैं |

वजह सिर्फ इतनी है
की वो आज भी
तुम्हारे होठो का
इन्तेजार कर रहे हैं

अगर आप इसे सुनना चाहते हैं तो यहाँ से सुन सकते हैं |


Sunday, September 17, 2017

मै बस हिन्दुस्तानी हूँ यही मेरी पहचान है

मै UP से भी हूँ,
मै MP से भी हूँ
मै गुजरात से भी हूँ
मै महाराष्ट्र से भी हूँ
उत्तर के कश्मीर से मै ही हूँ
गोदावरी के तीर से भी मै ही हूँ
दक्षिण के रामेश्वर धाम से मै ही हूँ
पूरब के आसाम से भी मै ही हूँ
गंगा के आस पास से मै ही हूँ
देवो के निवास से भी मै ही हूँ

मुझे किसी एक हिस्से में मत बाटों
मै बस हिन्दुस्तानी हूँ,
यही मेरी पहचान है |
मै बस हिन्दुस्तानी हूँ,
मुझे इस बात का अभिमान है |

मै बस हिन्दुस्तानी हूँ,
मुझे इस बात का अभिमान है |

Sunday, April 24, 2016

जन्नत का दीदार हुआ |

तूने जो छुआ होठो से, जन्नत का दीदार हुआ |
चाहा तुझे ना चाहे, पर फिर भी दिल बेक़रार हुआ|

कोशिश बहुत की हमने, अरमानो को दिल में दबाने की
पहले दबे पल भर को, फिर अरमानो का यलगार हुआ |

शिकायते हमारी तो, कम न थी नसीब से हो
पर तेरे छूने से, खुद की खुशनसीबी पर ऐतबार हुआ |


चाहां भी की दिल का हाल तुझे बता दे हम
पर डरते रहे, क्या होगा जो तेरा इनकार हुआ |


ज्यादा चाहते नहीं है, पर सारी खुशियाँ मेरी हो जाये
जो तू कह दे, "कुंदन" मुझ को भी तुझ से प्यार हुआ |

Thursday, April 21, 2016

वो सूखा दवात नहीं देखा ....


तुमने अपने दिल की कह दी पर मेरे अनकहे जज्बातों को नहीं देखा
मुझ पर इल्जाम लगा दिया पर मेरे उन बुरे हालातों को नहीं देखा
तुमने देख लिया उस सफ़ेद कागज पर लिखे सारे लाल अल्फाजों को 

पर दर्द ये है की तुमने कोने में पड़ा वो सूखा हुआ दवात नहीं देखा  

Sunday, January 18, 2015

पिता

पिता
खुद धुप में खडे हो,
संतान के लिए छाँव बनाते हैं |
पिता
सन्तान की खुशियों हेतु
खुद की खुशियाँ भूल जाते हैं |
पिता
खुद की थकान को नकार
बच्चे को कंधे पर घुमाते हैं |
पिता
संतान की जीत के लिए
ख़ुशी से खुद को हार जाते हैं |
पिता
स्वयं भूखे रह कर भी
बच्चे को पकवान खिलाते हैं
पिता
बच्चे की नई कमीज हेतु
पुराने स्वेटर में एक और सर्दी बिताते हैं|
पिता
बच्चे की जरूरी, गैर जरूरी जरूरतों हेतु
तडके निकलते और देर से घर आते हैं |

ऐसे जाने कितने ही त्याग है
जो बिना बोले ही पिता करते जाते हैं |
और इन त्यागों को हम तब
समझते हैं जब पिता को खो देते हैं
या खुद पिता बन जाते हैं |


So, just go and express your care, love and respect for you father while you have him with you.

I Love you Babu.. and I miss you a lot

Saturday, January 17, 2015

फिर से पिता को पाने का दिल करता है

हर याद, हर मंजर ऐसे लगता है
जैसे बिलकुल कल ही की बात है
पर अब इस दिल में और कुछ नहीं
बस पिता को पाने की फरियाद है

कहने को कितना कुछ है मन में
कितना कहूं, कितना छुपा लूं
और कुछ चाहत नहीं है मेरी
सिर्फ पिता के सीने से लग जाने का मन करता है|
फिर पिता को फिर से पाने का मन करता है |

जब बचपन में गलतियाँ करता था
तो पिता जी गलतियाँ बताया करते थे
कभी प्यार से कभी डांट से
सही गलत समझाया करते थे

आज भी वैसे ही
छोटी छोटी गलतियाँ दोहराने का मन करता है |
आज भी वैसे ही
फिर पिता से डांट खाने का मन करता है |

गाँव की धुल भरी सडको पर खेल कर
या होली के रंग जब दोस्तों उड़ाते थे
तो कभी तालाब पर कभी नल पर
पिता जी ही मल मल कर नहलाते थे  

आज भी वैसे ही
खुद को गन्दा हो जाने का मन करता है |
आज भी वैसे ही
फिर पिता के हांथो नहाने का मन करता है |

जब बचपन में माँ पिता के पैर दबाती थी
तब शरारत मुझे भी तो बहुत आती थी
लिहाफ के नीचे पिता के पैरो पर पैर रख
माँ से खुद शैतानी के अपने पैर दबवाता था,

आज भी वैसे ही
पिता पैरों पर पैर रख, लेट जाने का मन करता है |
आज भी वैसे ही
पिता के बदले खुद के पैर दबवाने का मन करता है

जब नाकाम होता था कभी कही भी
तो पिता ही थे जो मेरा हौसला बढ़ाते थे
जब सफलता मिलती मुझे कभी भी
वो जी भर के अपनी खुशियाँ दिखाते थे
हर शख्श को मिठाइयाँ खिलाते

आज भी वैसे ही
पिता को उपलब्धियां बताने का मन करता है |
आज भी वैसे ही
पिता से मिठाइयाँ बंटवाने का मन करता है |

कहने को कितना कुछ है मन में
कितना कहूं, कितना छुपा लूं
और कुछ चाहत नहीं है मेरी
सिर्फ पिता के सीने से लग जाने का मन करता है|

इतना होते हुए भी सब बेकार ही है
इस सब कुछ को खो दूं तो भी रंज नहीं

सिर्फ पिता को फिर से पाने का मन करता है |
और कुछ चाहते नहीं है मेरी
सिर्फ फिर से पिता के सीने से लग जाने का मन करता है |

Wednesday, November 28, 2012

फिर से बच्चा होने की चाहत


कभी कभी मन करता है
फिर से मुह फुला कर रूठूं
और रूठ कर बैठ जाऊं
दरवाजे की चौखट पर
जैसे कभी बचपन मे
बैठा करता था
और फिर चौखट पर बैठ
मुह फुला कर
नखरे दिखा कर
कहूं
किसी को मेरी चिंता नहीं है
कोई मुझ से प्यार नहीं करता
और दिल मे ये चाहत हो
के अभी सब मुझे मनाएंगे
मेरे नखरे उठाएंगे
बाबू प्यार से दुल्रायेंगे
कंधे पर बैठा कर घुमायेंगे
टॉफी और खिलौने दिलाएंगे
मेरे झूठे गुस्से पर
अम्मा मुस्काएगी
अपने आंचल में छुपाएगी
और फिर ख़ुशी के मारे
खुद ही रोने लग जायेगी
अपनी चिंता मुझे दिखायेगी
अपना प्यार मुझ पर लुटायेगी
पर अब मुह फुला कर बैठूं भी तो क्या
जानता हूँ
मेरे लिये ना पह्ले
जैसा प्यार है न दुलार है
और अब कोई नहीं कहेगा
मुझे तुम्हारी चिंता है,
मुझे तुम से प्यार है


Friday, April 20, 2012

कहाँ हो तुम ?


मेरे दिल की धड्कन पूँछ रही हैं
कहाँ हो तुम ?
मेरी एकाकी तडपन पूँछ रही है
कहाँ हो तुम ?
मेरे सपनों की नीद पूँछ रही है
कहाँ हो तुम ?
मेरे प्यार की उम्मीद पूँछ रही है
कहाँ हो तुम ?
मेरे गीतों की हर धुन पूँछ रही है
कहाँ हो तुम ?
मेरी गजल की तरन्नुम पूँछ रही है
कहाँ हो तुम ?

मेरा हर साज, मेरी हर आवाज
मेरा जीने का अहसास, मेरी हर साँस
पूँछ रही है
कहाँ हो तुम ?
अब मुझे बता दो तुम
कहाँ हो तुम
अब मुझे गले लगा लो तुम
कहाँ हो तुम .....?
कहाँ हो तुम .....?

Tuesday, April 10, 2012

दर्द में भी जिंदगी होती है

 
कुछ उलझनों के साये में
जिंदगी की दरख्त के तले
नकाबों को चेहरे से ढंके
चेहरों पर भावों को मले
कुछ दर्द, कुछ खुशियाँ
आँखों को थोडा पानी देकर
कुछ लम्हों को जिंदगानी देकर
मुझे ये बात बता रहे हैं
जिंदगी का मतलब
सिर्फ खुशियाँ ही नहीं
दर्द में भी जिंदगी होती है
ये सारे लम्हे मुझे यही सिखा रहे हैं |
ये सारे लम्हे मुझे यही सिखा रहे हैं |

Thursday, March 8, 2012

होली की शुभकामनाएँ आप को

रंगने की धमकी ना दे, क्या तेरे रंगों से मै डर जाऊँगा |
रंगेगी मुझको तेरे हाथों से, मै भी तो रंग ले कर आऊँगा
कनक कंचनी काया तेरी, चमक रही है ऐसे जो चंदा सी
तेरी इस कंचनी काया को मै, मेरे रंग में रंग जाऊँगा |

होली की शुभकामनाएँ आप को

मेरी होली का हर साल तुम

मेरी होली का हर साल तुम

चंदा की चांदनी तुम
सूरज की रौशनी तुम
बरखा की हरियाली तुम
भोर की लाली तुम

होली का रंग लाल तुम

मेरी होली का हर साल तुम

पूर्णिमा का उजियारा तुम
नदिया का किनारा तुम
मेरे काव्य का श्रृंगार तुम 
जीवन में ठंडी बयार तुम

इश्वर का कमाल तुम

मेरी होली का हर साल तुम

रंगो की बरसात तुम
सबसे प्यारी बात तुम
जीवन का अभिसार तुम
मेरा सारा संसार तुम

होली का गुलाल तुम

मेरी होली का हर साल तुम

Sunday, February 5, 2012

शब्दों की खोई गठरी के कुछ शब्दों की पोटली


मेरे शब्दों की खोई गठरी के
कुछ शब्दों की पोटली
बस अभी अभी मैंने पाई है
ये पोटली कुछ खोई है
कुछ सकुचाई है |
जरूर इस गठरी ने
बात कोई खास छुपाई है |

इसमे मिलन है
और बिछुडना भी है
इसमें एक टूंटन है
और कुछ जुडना भी है
इसमें एक सन्नाटा है
और बेआवाज शोर भी है
जाने किस काम में आती
पर एक महीन डोर भी है
इसमें यादे हैं
और कई नज़ारे भी है
कुछ नामो की गूंजे हैं
जो पहाडो पर पुकारे हैं
इसमें साथ है
और मुस्कुराहटें भी है
दबे कदम दिल तक जाते 
उन क़दमों की आहटें भी हैं
इसमें बिछोह की तडप है,
और खो दिया वो अधिकार है

अब समझा हूँ
जो इस पोटली में है उसका नाम प्यार है |
अब समझा हूँ
जो इस पोटली में है उसका नाम प्यार है |


Wednesday, February 1, 2012

कृष्ण सा जीवन

बहुत सहज है अश्रु बरसा देना 
बिन रोये अश्रु पीना बड़ा कठिन है |
बहुत सहज है, कंकर पत्थर पाना
पा लेना कोई नगीना बड़ा कठिन है |
राधा की पीड़ा को जग ने गाया है 
कृष्ण की पीड़ा गाओ तो समझोगे |
बड़ा सहज है राधा हो के जीना 
कृष्ण सा हो के जीना बड़ा कठिन है|

Wednesday, January 25, 2012

मेरी सुबह की साथी


मैंने कई दिनों से कोई कविता नहीं लिखी थी लेकिन दो दिन पहले एक कविता तब बन गई जब मेरी प्यारी सी दोस्त से ५ दिन बाद मेरी बात हुई .. कौन है ये मेरी दोस्त आप खुद ही पढ़ लीजिए
*************************
वो दूर खड़ी एकाकी सी पहाड़ी 
आज मुझ से लड़ रही थी |
क्यूँ नहीं मिला इतने दिन उससे
इसकी शिकायत मुझ से कर रही थी |

वो हर सुबह मेरा इन्तेजार करती थी
और उदास हो जाती थी |
वो सुबह धीरे धीर शाम में बदलती थी
और फिर रात में खो जाती थी|

और वो फिर इन्तेजार करती थी
अगली सुबह मेरे आने का |
गुजरे दिन की मेरी बाते सुनने का
और अपनी बाते सुनाने का |

आज जब कोहरा छटां तो मेरी न सुनी
बस वो अपनी ही सुनाती रही |
मुझे याद कर के कितना वो उदास रही
ये मुझे बार बार वो बताती रही |

मैंने कोहरे की चादर वाली मजबूरी बताई
तो वो बोली वो ये सब समझती है |
पर दूसरों की गलती या मेरी मजबूरी के बाद भी
मुझ से लड़ने का हक तो वो रखती है |

मै उसे क्या समझाता वो तो खुद ही
सब समझ चुकी है |
शायद इसलिये क्यूँ की वो पहाड़ी
मेरी सुबह की साथी बन चुकी है |
**************************

Tuesday, January 10, 2012

जाने क्या कड़वाहट है सियासत में

जाने क्या कड़वाहट है सियासत लफ्ज में
एक दोस्त को दोस्त से दुश्मन बना देती है ये

जो साथ बैठ कर चूसते थे गन्ने खेतों में
उनमे ही आपस में कड़वे बोल बुलवा देती है ये

कभी जिन्होंने एक दुसरे को अलग न समझा
उन्ही को हिंदू और मुसलमान बना देती है ये

मजहब सिखाता है अमन चैन से रहना
मजहब के नाम पर नफरत सिखा देती है ये

ईद और दीवाली पर जिन्हें कहते हें भाई हम
उन्ही भाइयों से वोटों के लिए लडवा देती है ये

जाने क्या कड़वाहट है सियासत लफ्ज में
एक दोस्त को दोस्त से दुश्मन बना देती है ये



Wednesday, December 21, 2011

ये लोकपाल बिल है ये खरगोश का बिल


लो जी सरकार लोकपाल ले आई है
इसके साथ ही सौ सवाल ले आई है


मै कहता हूँ ये लोकपाल नहीं है
खरगोश का बिल है
इसी कमजोर बिल के आने से
खुश भ्रष्टाचारी का दिल है

इस बिल मे भ्रष्टाचारी के बचने के
कई कई रास्ते हैं |
पर ये रास्ते सरकार ने इस बिल मे
डाले किसके वास्ते हैं ?

लोकपाल का चुनाव
अपने आप मे एक बड़ा चांटा है|
सरकार ने पदों को भी
वोट बैंक के हिसाब से बांटा है |

सीबीआई पर
लोकपाल का कोई अधिकार नहीं है 
स्वत्रंत जांच हो
ऐसी तो ईमान वाली सरकार नहीं है

जनता के विरोध पर
इटली वाली माता धीमे से धमकाती हैं |
हमारा विरोध न करो
स्पष्ट शब्दों मे ये हमें समझाती हैं |


इस कमजोर लोकपाल बिल के आने से
मेरा सवाल इतना सा है,

क्या इस कमजोर लोकपाल से
भ्रष्टाचार थम सकेगा
नेताओं से दब कर भी , 
क्या लोकपाल स्वतंत्र रूप से
अपना काम कर सकेगा

कितना अनशन करेंगे अन्ना भी
लगता अब तो कहना होगा इश्वर दुहाई है, दुहाई है

लो जी सरकार लोकपाल ले आई है
इसके साथ ही सौ सवाल ले आई है

 
Google Analytics Alternative